अवैध हथियार सहित दो युवक काबू; हत्या और हत्या के प्रयास समेत आठ आपराधिक मामलों में रहे हैं संलिप्त
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक की खरावड़ पुलिस चौकी की टीम ने दिल्ली-हिसार रोड स्थित खरावड़ बाईपास पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट की गाड़ी सवार दो युवकों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सोनीपत के प्रहलादपुर किडौली निवासी मोहित और लोकेश के रूप में हुई है।
नियमानुसार तलाशी में मोहित से देशी पिस्तौल व दो कारतूस, जबकि लोकेश से एक मैगजीन व तीन कारतूस बरामद हुए। गाड़ी से 3.42 लाख रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत आईएमटी थाने में केस दर्ज किया है। जांच में दोनों के खिलाफ दिल्ली और सोनीपत में हत्या, हत्या के प्रयास व अवैध हथियारों के करीब आठ मामले दर्ज मिले हैं।

Girish Saini


