अग्निवीरों को बिना शर्त नियमित करे सरकार, दो साल का विस्तार नाकाफीः पूर्व सीएम हुड्डा
गेस्ट टीचर्स को कांग्रेस की नीति के तहत पक्का करने की मांग की, भाजपा पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सेना के अग्निवीरों को बिना किसी शर्त नियमित करने की मांग करते हुए कहा कि केवल दो साल का सेवा विस्तार देना उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ है। छह साल सेना में सेवा देने के बाद भी नियमितीकरण के लिए शर्तें लगाना अनुचित है। सेना में भर्ती होने वाले प्रत्येक जवान को पहले की तरह पूरा सेवाकाल, वेतन-भत्ते, सुविधाएं और पेंशन मिलनी चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही अग्निवीर योजना का विरोध करती रही है। यह न देश और न ही सेना के हित में है। अब भारी विरोध के बाद सरकार को इसमें बदलाव करना पड़ रहा है।
गेस्ट टीचर्स को पक्का करने की मांग पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नियमितीकरण नीति को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिल चुकी है। भाजपा ने 2014 में गेस्ट टीचर्स को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसे भुला दिया।
नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर खिलाड़ियों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने कांग्रेस की पदक लाओ, पद पाओ नीति भी खत्म कर दी, जिससे खिलाड़ियों को डीएसपी जैसे पदों पर नियुक्ति से वंचित होना पड़ा।

Girish Saini


