एमडीयू में शोध प्रशिक्षण, सांख्यिकीय विश्लेषण से फील्ड रिसर्च तक

एमडीयू में शोध प्रशिक्षण, सांख्यिकीय विश्लेषण से फील्ड रिसर्च तक

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आईसीएसएसआर प्रायोजित ‘ग्रीन इकोनॉमी ट्रांजिशन’ विषयक 10 दिवसीय रिसर्च मेथडोलॉजी कोर्स में प्रतिभागियों को शोध प्रक्रिया, सांख्यिकीय विश्लेषण, शोध पत्र लेखन, अनुदान ऑडिट और फील्ड रिसर्च की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

केंद्रीय विवि हरियाणा, महेंद्रगढ़ के सांख्यिकी विभाग के प्रो. विनय कुमार ने ‘क्वालिटेटिव एंड क्वांटिटेटिव इकोनॉमिक्स : ए स्टैटिस्टिकल पर्सपेक्टिव’ विषय पर व्याख्यान दिए। उन्होंने हाइपोथीसिस टेस्टिंग, ग्रोथ रेट, वैरिएशन और रिग्रेशन एनालिसिस के साथ कॉब-डगलस प्रोडक्शन फंक्शन सहित विभिन्न सांख्यिकीय मॉडलों की उपयोगिता समझाई। प्रतिभागियों को ओपीस्टेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से सांख्यिकीय परीक्षणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

एमडीयू के वरिष्ठ ऑडिटर अशोक सैनी ने शोध अनुदानों के ऑडिट की प्रक्रिया बताई। आईक्यूएसी निदेशक प्रो. बी. नरसिम्हन ने शोध पत्र की संरचना और अकादमिक प्रकाशन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी।

कोर्स के तहत तिलयार झील का फील्ड विजिट भी कराया गया, जहां प्रतिभागियों ने ग्रीन इकोनॉमी, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के संतुलन को व्यावहारिक रूप से समझा। कोर्स निदेशक प्रो. रामफूल ओहल्याण के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में आयोजन सचिव डॉ. कोमल मलिक ने आभार व्यक्त किया।