युवा संवाद में 150 से अधिक युवाओं ने जाना मतदान का महत्व
लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर किया जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। मेरा युवा भारत (माय भारत), रोहतक द्वारा बीएमयू में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 150 से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के अधिकार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
बतौर मुख्य अतिथि, बीएमयू के कुलसचिव डॉ विनोद कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
यूथ आइकन अंकिता ने अपने वोट को जानो विषय पर प्रस्तुति देकर मतदान के महत्व से अवगत कराया। संवाद सत्र में युवाओं ने शासन व्यवस्था, नागरिक जिम्मेदारियों और पहली बार मतदान करने वालों की भूमिका पर सवाल पूछे और विचार साझा किए। कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ।
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने कहा कि माय भारत युवाओं को विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहा है। इस दौरान नवीन, डॉ. मंजीत, पंकज राणा, सूबेदार (सेवानिवृत्त) जय शंकर सहित प्राध्यापक मौजूद रहे।

Girish Saini

