बीएमयू में विश्व अल्जाइमर दिवस पर राष्ट्रीय सेमिनार
अल्जाइमर की जल्द पहचान से बेहतर होगा उपचार और पुनर्वास
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व अल्जाइमर दिवस पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में फैकल्टी ऑफ मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज के फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया। फिजियो केयर डोमेन क्लब के तत्वावधान और आईक्यूएसी के सहयोग से हुए सेमिनार में विद्यार्थियों ने ऑनलाइन और प्रत्यक्ष माध्यम से भाग लिया।
बतौर मुख्य वक्ता, तंत्रिका विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. खुशबू गोयल ने डिमेंशिया : क्या हम इसे रोक या उलट सकते हैं विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने डिमेंशिया के जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों, समय पर पहचान, रोकथाम और पुनर्वास की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, नियमित शारीरिक गतिविधि, मानसिक रूप से सक्रिय रहने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श को महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. सुहास कीर्ति सिंगला ने भी स्वास्थ्य जागरूकता पर विचार साझा किए। विशेषज्ञों ने मरीजों की देखभाल में परिवार और देखभालकर्ताओं के संवेदनशील सहयोग तथा चिकित्सा, मानसिक और शारीरिक पुनर्वास के समन्वय को जरूरी बताया।
विभागाध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. चारु शर्मा, सह-संयोजक डॉ. प्रीति लाठवाल और आयोजन सचिव डॉ. सुमन रानी ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Girish Saini 

