बीएमयू में दिया रोगी सुरक्षा का संदेश, पोस्टर और नाटिका से किया जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व रोगी सुरक्षा दिवस पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के फैकल्टी ऑफ मेडिकल एवं एलाइड हेल्थ साइंसेज के पैरामेडिकल विभाग में पोस्टर प्रस्तुति, लघु नाटिका और विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. चारू शर्मा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में वर्ष 2026 की थीम ‘नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज के लिए सुरक्षित देखभाल’ और संदेश ‘सेफ केयर फॉर लाइफ’ के तहत गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान और बेहतर प्रबंधन पर चर्चा हुई।
डॉ. रोहित अरोरा ने ‘सेफ केयर फॉर नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने समय पर चिकित्सकीय परामर्श, रोगों की रोकथाम और सुरक्षित उपचार के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर पोस्टर प्रस्तुत किए और लघु नाटिका के माध्यम से रोगी सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में सावधानी तथा जिम्मेदारी का संदेश दिया। विद्यार्थियों और स्टाफ ने रोगी सुरक्षा की शपथ लेकर सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के सह-संयोजक प्रलेक्ष और आयोजक सचिव डॉ. नेहा खरे रहे। इस दौरान विभाग के शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

