महंत बालकनाथ योगी ने किया बेटियों की निःशुल्क शिक्षा का ऐलान
तरंग-2026 में छात्रों को बांटे लैपटॉप।
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में आयोजित तरंग-2026 में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी ने विभिन्न घोषणाएं की। इस दौरान सत्र 2026-27 की नई प्रॉस्पेक्टस (विवरणिका) का विधिवत अनावरण भी किया गया।
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन को दिशा देने वाली शक्ति है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक घोषणा की कि विवि के नॉन-प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। हमारा प्रयास है कि कोई भी बेटी आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विवि में पढ़ने वाले छात्रों के लिए निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।
महंत बालकनाथ योगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को निशुल्क लैपटॉप प्रदान किए। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही विवि परिसर में एक हजार बेड के अत्याधुनिक अस्पताल के साथ एक मेडिकल कॉलेज का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से युक्त बीटेक की अत्याधुनिक लैब स्थापित की जा रही है, जिसमें लगभग एक हजार कंप्यूटर उपलब्ध होंगे। साथ ही आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और एक विशेष मोबाइल ऐप भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि इसी वर्ष लगभग एक हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाले नए हॉस्टल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व न्यायाधीश, गिरीश गुप्ता ने कहा कि मस्तनाथ योगी की यह पावन धरा शिक्षा और संस्कारों की भूमि है। इस दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा दाखिला सलाहकार टीम को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। अंत में कुलपति डॉ. बी.एम. यादव ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार, योगी रामनाथ, मनीष कुमार, अंकित बंसल सहित विवि के शिक्षक, स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

