सीएमबीटी में फील्ड इन्वेस्टिगेटर के एक पद पर साक्षात्कार 5 अगस्त को
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सेंटर फॉर मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी (सीएमबीटी) में प्रो. अमिता सुनेजा डंग को स्वीकृत शोध परियोजना -सीलिएक रोग के लार में सूक्ष्मजीवी संकेतक की पहचान के लिए एक फील्ड इन्वेस्टिगेटर की नियुक्ति की जाएगी।
प्रो. अमिता सुनेजा डंग ने बताया कि फील्ड इन्वेस्टिगेटर पद के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री और न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों को विवि के नियमों के अनुसार 5 प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी। चयनित अभ्यर्थी को अधिकतम छह माह के लिए नियुक्त किया जाएगा और 20 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन डाक या ई-मेल के माध्यम से जमा किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। प्रस्तावित साक्षात्कार 5 अगस्त को सुबह 11 बजे सीएमबीटी में होगा। उन्होंने बताया कि शोध के दौरान चयनित अभ्यर्थी लार के नमूने एकत्र करने, ग्लूटेन पाचन क्षमता और ग्लियाडिन क्षरण का परीक्षण करने के साथ लार के नमूनों का सूक्ष्मजीवी आनुवंशिक अनुक्रमण करेगा। इसके अलावा शोध रिपोर्ट तैयार करने और शोध निष्कर्षों के प्रकाशन में भी योगदान देगा।
Girish Saini 

