बीएमयू में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। बीएमयू प्रशासन, सेंटर फॉर काउंसलिंग एंड मेंटल वेल बीइंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, रक्त शर्करा, बॉडी मास इंडेक्स तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गईं। साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया गया।
कुलपति डॉ. बी. एम. यादव ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खानपान के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करवाना अति आवश्यक है, ताकि संभावित बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाया जा सके और उनका उचित उपचार संभव हो सके। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। आयोजन कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. हेमा सिंगला ने अंत में आभार व्यक्त किया।

Girish Saini 

