हरियाणा दिवस पर गांव बहु अकबरपुर में निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर

बीएमयू के विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित व्यायाम के प्रति किया जागरूक

हरियाणा दिवस पर गांव बहु अकबरपुर में निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा दिवस के अवसर पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के फैकल्टी ऑफ मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज के फिजियोथेरेपी विभाग ने गांव बहु अकबरपुर में एक निःशुल्क फिजियोथेरेपी चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया। विभागाध्यक्ष डॉ. चारु शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को घर के नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा।

शिविर का नेतृत्व वरिष्ठ सलाहकार डॉ. प्रदीप आर्य और डॉ. जसविंदर कौर ने किया। उन्होंने ग्रामीणों को कमर व गर्दन दर्द, जोड़ों की समस्याओं, मांसपेशियों में खिंचाव तथा शारीरिक गतिशीलता संबंधी परेशानियों में फिजियोथेरेपी की उपयोगिता बताई। साथ ही नियमित व्यायाम, सही शारीरिक मुद्रा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

फिजियोथेरेपी विभाग के इंटर्न विद्यार्थियों हिमांशु, राहुल, नरेंद्र, रविंद्र, मेहल, कशिश, मुस्कान और रिया ने शिविर में सहयोग दिया। डॉ. चारु शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध भी कराते हैं।