बीएमयू में बीजगणित और कोडिंग सिद्धांत विषय पर विस्तार व्याख्यान आयोजित

बीएमयू में बीजगणित और कोडिंग सिद्धांत विषय पर विस्तार व्याख्यान आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के कुलपति प्रो. बी.एम. यादव तथा गणित विभागाध्यक्ष एवं कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में गणित विभाग में बीजगणित और कोडिंग सिद्धांत में इसके अनुप्रयोग विषय पर एक विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया।

भौतिक विज्ञान क्लब द्वारा आईक्यूएसी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता एमडीयू के गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जगबीर सिंह ने आधुनिक कोडिंग सिद्धांत में बीजगणितीय संरचनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डिजिटल संचार प्रणालियों में डेटा के सुरक्षित और विश्वसनीय संप्रेषण के लिए त्रुटि पहचान और त्रुटि सुधार तकनीकों का उपयोग किया जाता है, जिनका आधार बीजगणितीय सिद्धांतों पर आधारित होता है।

डॉ. जगबीर सिंह ने बीजगणितीय कोडिंग सिद्धांत की मूलभूत अवधारणाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि बहुपद, परिमित क्षेत्र और अन्य बीजगणितीय विधियां विश्वसनीय संचार प्रणालियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि कोडिंग सिद्धांत का उपयोग मोबाइल संचार, उपग्रह संचार, इंटरनेट डेटा ट्रांसमिशन तथा आधुनिक डेटा भंडारण तकनीकों में व्यापक रूप से किया जा रहा है।

डीन अकादमिक मामले प्रो. नवीन कुमार ने शोधार्थियों को शोध संबंधी चुनौतियों का गहन अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। डीन विज्ञान संकाय प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों और शोधार्थियों के ज्ञान को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान प्रभारी भौतिक विज्ञान क्लब प्रो. संगीता मलिक, आयोजन सचिव प्रो. पूजा भाटिया, प्रो. प्रवीण भट्ट, प्रो. विनोद भाटिया, प्रो. कमल कुमार सहित संकाय सदस्य, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए मुख्य वक्ता से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।