नए आइडिया और तकनीकी ज्ञान से विकसित भारत में योगदान दें इंजीनियरिंग छात्रः कुलसचिव

इंजीनियर्स डे पर यूआईईटी में नवाचार और विकसित भारत पर जोर।

नए आइडिया और तकनीकी ज्ञान से विकसित भारत में योगदान दें इंजीनियरिंग छात्रः कुलसचिव

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में इंजीनियर्स डे के अवसर पर भारत के महान इंजीनियर और भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र में नवाचार के महत्व को समझा।

कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने उद्घाटन सम्बोधन में कहा कि इंजीनियरिंग छात्रों को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नए विचारों के साथ नई तकनीक और ज्ञान विकसित करने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। व्हाट्सऐप के निर्माण की यात्रा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक बेहतर आइडिया बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है।

अध्यक्षीय सम्बोधन में डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने छात्रों से वैज्ञानिक ज्ञान को व्यावहारिक समस्याओं के समाधान में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग एवं तकनीकी क्षेत्र में काम करने वाले विद्यार्थियों और विशेषज्ञों को नवाचार के साथ-साथ पर्यावरण और स्थिरता के पहलुओं को भी ध्यान में रखना चाहिए।

डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की और इंजीनियर्स डे की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। डीन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी प्रो. युद्धवीर सिंह और यूआईईटी निदेशक प्रो. विनीत सिंगला ने भी इंजीनियर्स डे के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. कविता ने स्वागत भाषण दिया। डॉ. ईशा ने आभार व्यक्त किया। डॉ. पुलकित ने मंच संचालन किया। इस दौरान यूआईईटी के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

रंगोली में साक्षी व स्नेहा, पोस्टर मेकिंग में चारु ने बाजी मारी।

इंजीनियर्स डे पर विद्यार्थियों के लिए आइडिया पिचिंग, रंगोली और पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं तकनीकी सोच का प्रदर्शन किया। 

रंगोली में साक्षी व स्नेहा प्रथम, पायल व हेमा दूसरे तथा अनमोल व खुशी तीसरे स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग में चारु प्रथम, श्रुति दूसरे और हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे। आईडिया पिचिंग में स्पीकिंग हैंड टीम प्रथम, टीम मैकेनिकल दूसरे और ब्रैडबोर्ड बैंडिट्स टीम तीसरे स्थान पर रही।