बीएमयू में एआई आधारित भंडार प्रबंधन पर विस्तार व्याख्यान आयोजित

बीएमयू में एआई आधारित भंडार प्रबंधन पर विस्तार व्याख्यान आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि के कुलपति प्रो. बी.एम. यादव तथा गणित विभागाध्यक्ष एवं कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में गणित विभाग में -कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोगों के साथ अनुसंधान में भंडार प्रबंधन विषय पर एक विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। भौतिक विज्ञान क्लब के तत्वावधान में तथा आईक्यूएसी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बतौर मुख्य वक्ता, हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी, कानपुर के गणित विभाग के प्राध्यापक डॉ. नीरज कुमार ने कहा कि आधुनिक समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से भंडार प्रबंधन को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाया जा सकता है। उन्होंने अनुसंधान तथा औद्योगिक क्षेत्रों में भंडार प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता ने उन्नत भंडार अनुकूलन तकनीकों, गणितीय प्रतिरूपण की विधियों तथा निर्णय प्रक्रिया और मांग के पूर्वानुमान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित भंडार प्रणाली के प्रयोग से कार्यकुशलता में वृद्धि होने के साथ ही व्यय में कमी तथा अनुसंधान कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होता है।

शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. नवीन कुमार ने युवा शोधार्थियों को अनुसंधान से जुड़ी चुनौतियों का गंभीरता से अध्ययन करने तथा नवीन विचारों के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नवीन वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराते हैं।

इस दौरान भौतिक विज्ञान क्लब की प्रभारी प्रो. संगीता मलिक, आयोजन सचिव प्रो. कमल कुमार, प्रो. पूजा भाटिया, प्रो. विनोद भाटिया सहित संकाय सदस्य, शोधार्थी व विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लेते हुए प्रश्नोत्तर सत्र में वक्ता से संवाद कर विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।