रंगोली, कला और नृत्य से सजा बीएमयू का दीपावली महोत्सव इल्यूमिनारा-2026

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक कलाकृतियों से बिखेरे रंग

रंगोली, कला और नृत्य से सजा बीएमयू का दीपावली महोत्सव इल्यूमिनारा-2026

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में दीपावली के उपलक्ष्य में इल्यूमिनारा-2026: रोशनी, संस्कृति और उत्सव का संगम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया।

फैकल्टी ऑफ मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंसेज के फिजियोथेरेपी विभाग द्वारा आईक्यूएसी के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने रंगोली, कक्षा सजावट, कला एवं हस्तशिल्प और नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावटी वस्तुओं से सजी कक्षाओं ने दीपावली का माहौल बनाया। विद्यार्थियों की हस्तनिर्मित कलाकृतियों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं।

संकाय सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग की भावना विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. चारु शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। सह-संयोजक डॉ. सपना पंवार और आयोजन सचिव जागृति सहित अन्य संकाय सदस्यों ने आयोजन में योगदान दिया।