बीएमयूः अंतर-संकाय छात्रा शतरंज चैंपियनशिप की विजेता बनी तेजस्वरी
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में आयोजित अंतर-संकाय छात्रा शतरंज चैम्पियनशिप का शुभारंभ कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि तथा डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. नवीन कपिल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस प्रतियोगिता में आठ विभिन्न संकायों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रणनीतिक सोच, धैर्य और खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में फैकल्टी ऑफ लॉ की छात्रा तेजस्वरी राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान संकाय की मुस्कान दूसरे तथा फिजियोथेरेपी विभाग की हर्षिता कौशिक तीसरे स्थान पर रही। प्रारंभ में खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने स्वागत संबोधन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार ने विजेता एवं सभी प्रतिभागी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विवि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन कपिल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करती हैं।
इस दौरान डॉ. बबलू शर्मा, डॉ. बिजेंद्र सिंह, डॉ. मोनिका, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अंकित मुद्गिल, अमित अत्री, कविता, डॉ. सोनिया, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. कीर्ति राठौर, डॉ. ईशु खंगवाल, डॉ. प्रीति सांगवान, डॉ. राकेश तथा डॉ. बृजेश शिवहरे सहित अन्य शिक्षक, अधिकारी व विद्यार्थी मौजूद रहे। समापन अवसर पर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
Girish Saini 

