बीएमयू में पीजी व यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया जारी
छात्राओं के लिए निःशुल्क शिक्षा की पहल को मिल रही सराहना।
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में शैक्षणिक सत्र 2-026-27 के लिए विभिन्न यूजी व पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। कुलाधिपति महंत बालकनाथ योगी द्वारा छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने की पहल ने प्रदेश तथा निकटवर्ती राज्यों की छात्राओं और उनके अभिभावकों की सराहना प्राप्त की है।
कुलपति डॉ. बी.एम. यादव ने कहा कि विवि को शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और संस्कारयुक्त शिक्षण का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि विवि में चिकित्सा, आयुर्वेद, नर्सिंग, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी, इंजीनियरिंग, प्रबंधन, विधि, कृषि, कंप्यूटर शिक्षा, विज्ञान, कला एवं मानविकी सहित अनेक क्षेत्रों में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा तथा शोध स्तर के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। एनईपी-2020 के तहत हाल ही में प्रारंभ किए गए चार वर्षीय एकीकृत बी.ए.-बी.एड. (आईटीईपी) कार्यक्रम में भी विद्यार्थी अच्छी रुचि दिखा रहे हैं।
कुलपति ने बताया कि प्रमुख रूप से बीएएमएस, बीएससी नर्सिंग, एएनएम, जीएनएम, बी.फार्मा, डी.फार्मा, बीपीटी, बी.टेक., बीसीए, बीबीए, बी.कॉम., बीए, चार वर्षीय बीए-बीएड., बीए-एलएलबी, एलएलबी सहित विभिन्न विषयों में बीएससी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, पीजी पाठ्यक्रमों में एमबीए, एमसीए, एम.कॉम., एमए, एमएससी, एम.फार्म., एम.टेक. तथा एलएलएम उपलब्ध हैं। साथ ही, विभिन्न विषयों में पीएचडी कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
Girish Saini 

