मां की हत्या करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार

बेटे को नशा करने से रोकना महंगा पड़ा मां को।

मां की हत्या करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार

रोहतक, गिरीश सैनी । रोहतक पुलिस ने उत्तम विहार कॉलोनी में बेटे द्वारा अपनी मां का गला रेतकर हत्या करने की वारदात के मुख्य आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है।

प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि 16.01.2024 को पुलिस को उत्तम विहार कॉलोनी में एक महिला की हत्या होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की। मृतक महिला की पहचान सुनीता पत्नी रणबीर निवासी उत्तम विहार कॉलोनी रोहतक के रूप में हुई। मृतक महिला के बड़े बेटे अनिरुद्ध की शिकायत के आधार पर जांच में सामने आया कि अनिरुद्ध दो भाई है। अनिरुद्ध अपने पिता रणबीर के साथ सरकारी क्वार्टर में रहता है, वहीं उसका भाई अश्वनी व उसकी मां सुनीता उत्तम विहार कॉलोनी में रहते हैं। 16.01.2024 को अनिरुद्ध ने अपनी मां को फोन मिलाया तो उसने फोन नहीं उठाया। काफी फोन करने के बाद अनिरुद्ध ने अपने पड़ोसी चेतन को फोन कर अपनी मां को देखने को कहा। चेतन ने दोपहर करीब 3.30 बजे जाकर देखा तो अनिरुद्ध की मां दीवान पर लेटी हुई थी तथा काफी आवाज देने पर भी नहीं उठी। फर्श पर खून के धब्बे पड़े हुए दिखे। अनिरुद्ध की मां सुनीता के गले पर निशान मिले व गहरी चोट के निशान मिले। सुनीता के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले किया गया।

प्रभारी पुलिस चौकी नया बस अड्डा स.उप निरीक्षक पंकज द्वारा मामले की जांच के दौरान 17.01.2024 को आरोपी अश्वनी निवासी उत्तम विहार कॉलोनी रोहतक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नशा करने का आदी है। नशे को लेकर दोनों मां-बेटे के बीच में झगड़ा हो गया। अश्वनी ने तेजधार हथियार से अपनी मां के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।