प्रशासन ने त्योहारों पर मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, 390 किलो खाद्य सामग्री नष्ट
91 सैंपल लिए, नकली पनीर से लेकर घटिया खोया और मिठाइयां तक जब्त
रोहतक, गिरीश सैनी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। रोहतक, महम, कलानौर और सांपला में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 91 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। वहीं, करीब 390 किलोग्राम नकली एवं घटिया गुणवत्ता की खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट करवाई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने अभियान के दौरान 61 एनफोर्समेंट और 30 सर्विलांस सैंपल एकत्रित किए। इसके अलावा दुकानों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की गई। कार्रवाई के तहत तीन दुकानों से 238 किलोग्राम नकली पनीर, एक दुकान से 80 किलोग्राम घटिया खोया और दूसरी दुकान से 72 किलोग्राम खराब मिठाइयां नष्ट करवाई गई।
विभाग ने दुकानदारों को सभी मिठाइयों पर इस्तेमाल की गई सामग्री और घी के प्रकार की जानकारी प्रदर्शित करते लेबल लगाने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Girish Saini

