सेठ श्रीकिशन दास ने जीवन में समाज सेवा करके यह दिखाया है कि समाज सेवा भी राजनीति का हिस्सा हो सकती है: मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने रोहतक में पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास की प्रतिमा का किया अनावरण 

सेठ श्रीकिशन दास ने जीवन में समाज सेवा करके यह दिखाया है कि समाज सेवा भी राजनीति का हिस्सा हो सकती है: मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित सेठ श्रीकिशन दास ने अपने जीवन में समाज सेवा के लिए जो कार्य किया, वे अन्य राजनेताओं के लिए भी प्रेरणादायी है। सेठ श्रीकिशन दास ने गरीबों व जरूरतमंदों की भलाई करके यह दिखाया है कि समाज सेवा भी राजनीति का हिस्सा हो सकती है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को रोहतक में पद्मश्री से सम्मानित सेठ श्रीकिशन दास की प्रतिमा का अनावरण करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मनोहर लाल ने कहा कि आज रोहतक का इतिहास नजरों के सामने से घूम गया है। रोहतक के ऐसे नेता जिनको बच्चा-बच्चा जानता है, उनकी प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मिला है। बहुत लोग राजनीति और समाज सेवा को अलग-अलग देखते हैं। सेवा करनी है तो फिर राजनीति में क्यों रहना है, और राजनीति करनी है तो सेवा का क्या मतलब। लेकिन इतिहास में ऐसे कई लोग हुए हैं जिन्होंने राजनीति और सेवा को साथ -साथ चलाया है। ऐसे ही व्यक्तित्व सेठ श्रीकिशनदास थे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सेठ श्रीकिशनदास ने अपना राजनीतिक सफर वर्ष 1961 से रोहतक की धरती से शुरू किया था। उनके देहांत के बाद उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग आज नहीं बल्कि कांग्रेस के समय वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समक्ष रखी गई थी। लेकिन उन्होंने 4 सालों में यह काम नहीं किया, जोकि बड़ी आसानी से कर सकते थे। उसके बाद जब हमारे पास यह विषय आया तब हमने कहा कि नगर निगम से प्रस्ताव पारित करवाकर प्रतिमा स्थापित की जाए और आज प्रतिमा का अनावरण करने का यह अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता संभालते ही हमने हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया था। मतलब हम आपस में मतभिन्नता न रखें कि कौन किस जाति का है। क्योंकि जातियों के आधार पर लीडर दलों में शामिल होकर जातियों के आधार पर वोट मांगते हैं। ये विचारधारा हमें कांग्रेस ने दी है। सेठ जी के समय में भी यह विचारधारा थी, लेकिन सेठ जी का गुण सबको साथ लेकर चलने का था, सेवा का था। कांग्रेस की तो वही कहानी उस समय भी थी और आज भी है। आज भी कांग्रेस परिवारवाद में से बाहर नहीं निकली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबका सम्मान करते हैं, जो हमारे साथ मिलकर चलता है, बस शर्त एक ही है कि देश पहले, मैं बाद में। इस भूमिका के साथ आएंगे तो हमारे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर सकता है। चाहे नेता हो, सामान्य लोग हों सबके लिए हमारी दिशा एक ही है कि देश पहले, प्रदेश पहले, मैं और मेरा परिवार उसके बाद। निश्चित रूप से आज देश में जो वातावरण बन रहा है, उसकी 2024 में पुनरावृत्ति होगी, चाहे देश की बात हो या हरियाणा की, 2024 में रोहतक में कमल को खिलाने का संकल्प लेना है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय दर्शन दिया। उन्होंने कहा था समाज का जो पिछड़ा व्यक्ति है, जो किसी कारण से पिछड़ गया है, ऐसे गरीब परिवार की यदि हम चिंता नहीं करेंगे, उसे अपने बराबर लाने की कोशिश नहीं करेंगे, तो सुखी समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति के उत्थान को लेकर हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 18 जुलाई को प्रदेशवासियों को विकास कार्यों का तोहफा दिया जाएगा। इनमें रोहतक की भी 16 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर लगभग 77 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन कार्यों में रोहतक की सीवरेज व्यवस्था, 10 करोड़ रुपये की लागत से पंपिंग स्टेशन इत्यादि की व्यवस्था ठीक करने के कार्यों का शिलान्यास होगा। मेडिकल कॉलेज में किडनी स्टोन के ईलाज के लिए 4 करोड़ रुपये की लागत की नई इएसडब्ल्यूएल मशीन लगाई गई है, उसका भी उद़्घाटन किया जाएगा। 3 करोड़ रुपये की लागत से 33केवी सब स्टेशन, सवा 3 करोड़ रुपये की लागत से वुमन-चाईल्ड वन स्टॉप सेंटर की बिल्डिंग का भी शिलान्यास किया जाएगा।

पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल की प्रतिमा के लिए जगह उपलब्ध नहीं करवाई। भारतीय जनता पार्टी ने मनमोहन गोयल को पार्टी में शामिल होते ही रोहतक का मेयर बनाया। भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है तथा पार्टी संगठन दूसरे दलों से भाजपा में आने वाले नेताओं को गले लगाकर साथ कार्य करता है। 

मेयर एवं कार्यक्रम के आयोजक मनमोहन गोयल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा अन्य अतिथिगण का स्वागत करते हुए कहा कि पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल को हमेशा जनता का पूरा स्नेह मिला। उन्होंने समाज सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रतिमा लगाने के लिए स्थान उपलब्ध करवाया तथा आज अपने करकमलों से प्रतिमा का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास गोयल की जीवनी पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया। मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को लगातार उन्नति के पथ पर आगे बढ़ा रहे है तथा मनोहर लाल समाज सेवा में लगे हुए है। मेयर मनमोहन गोयल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा अन्य अतिथिगण को पगड़ी, शॉल व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कालीदास महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के दौरान विश्व में देश का गौरव बढ़ा है। देश में संत महात्माओं को पूरा मान-सम्मान मिल रहा है तथा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की गई है। 

इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यू, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर राजकुमार कपूर, मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, पूर्व विधायक नरेश कौशिक, महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी, बाबा परमानंद महाराज, पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य, उपायुक्त अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. हिमांशु गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शमशेर खरकड़ा व अजय बंसल, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, राजकुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।