एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ

स्वयंसेवकों को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल जागरूकता पर किया प्रेरित।

एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत सात दिवसीय विशेष शिविर सोमवार से शुरू हुआ। उद्घाटन सत्र में छात्र कल्याण विभाग की अधिष्ठाता प्रो. सपना गर्ग ने बतौर मुख्य अतिथि तथा एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिविर के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।

मुख्य अतिथि प्रो. सपना गर्ग ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से प्रकृति के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।

दोपहर कालीन सत्र में डॉ. अमरिंदर कौर ने स्वयंसेवकों को डिजिटलाइजेशन विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से लोग आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपने कार्यों को सरल बना सकते हैं। उन्होंने साइबर सुरक्षा, डिजिटल उपकरणों के दुरुपयोग तथा फेक न्यूज़ के प्रसार जैसे संभावित खतरों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी।

अन्य सत्र में वक्ता विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी प्रयोग, पारिवारिक एकात्मता तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन और समन्वयन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गुरदयाल, डॉ. नीतू रानी, डॉ. शेरी तथा डॉ. रवि प्रभात ने किया।