बीएमयू में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकार, न्याय और कार्रवाई विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के महिला अध्ययन केंद्र तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में -सभी महिलाओं और बालिकाओं के लिए अधिकार, न्याय और कार्रवाई विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, न्याय और लैंगिक समानता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को इस दिशा में संवेदनशील बनाना था।
बतौर मुख्य अतिथि, कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार ने महिला अध्ययन केंद्र की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बतौर वक्ता, डीसीपी जसलीन कौर ने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है जब महिलाओं और बालिकाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा प्राप्त हो। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और समाज में समानता तथा न्याय की भावना को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
अधिवक्ता सीमा कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए कई प्रभावी कानून बनाए गए हैं, परंतु इसका लाभ तभी मिल सकता है जब महिलाएं और समाज इन कानूनों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून की बुनियादी जानकारी रखने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने को समय की आवश्यकता बताया।

Girish Saini 

