म्यूल अकाउंट में बैंक खाता किराये पर देना भी बन सकता है साइबर अपराध का जरिया, रोहतक पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

म्यूल अकाउंट में बैंक खाता किराये पर देना भी बन सकता है साइबर अपराध का जरिया, रोहतक पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित के निर्देशानुसार राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। 

जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के 15वें दिन मयुल एकाउन्ट - डोन्ट रेन्ट योर अकाउंट थीम के तहत हिसार रोड स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर क्राइम थाना की टीम ने विद्यार्थियों और आमजन को समझाया कि अपना बैंक खाता किसी अनजान व्यक्ति को किराये पर देना या उसके जरिए लेन-देन करना उन्हें साइबर अपराध में फंसा सकता है।

इस दौरान बताया गया कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। शुरुआती समय में शिकायत मिलने से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने और खाते पर होल्ड लगाने की कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है। पीड़ित ट्रांजेक्शन आईडी, बैंक स्टेटमेंट, मोबाइल नंबर और चैट जैसे साक्ष्य भी सुरक्षित रखें।

पुलिस ने ओटीपी, पिन, सीवीवी साझा न करने, संदिग्ध लिंक और एपीके फाइल से बचने तथा अनजान वीडियो कॉल पर भरोसा न करने की अपील की। अभियान की थीम स्टेप-थिंक-टेक एक्शन के तहत सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश दिया जा रहा है।