प्रधानमंत्री मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात से सकारात्मक दिशा में कार्य करने की प्रेरणा मिलती हैः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

प्रधानमंत्री मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात से सकारात्मक दिशा में कार्य करने की प्रेरणा मिलती हैः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

पुंडरी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने रविवार को पुंडरी में मास्टर योगेन्द्र के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात सुना। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, युवाओं की भूमिका तथा सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश को ध्यानपूर्वक सुना और उसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम केवल संवाद नहीं, बल्कि जन-जन को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक पहल है, जिसे प्रत्येक परिवार को नई पीढ़ी के साथ बैठकर अवश्य सुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में पर्यावरण, खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों के प्रेरक उदाहरण प्रधानमंत्री स्वयं देश के सामने प्रस्तुत करते हैं। इससे न केवल उन व्यक्तियों का उत्साहवर्धन होता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सकारात्मक दिशा में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए केरल की एक बालिका का प्रेरक उदाहरण साझा किया, जिसके माता-पिता ने उसके अंगदान का साहसिक निर्णय लेकर कई जिंदगियां बचाईं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंगदान महादान है और समाज को इस दिशा में आगे आना चाहिए।
उन्होंने आगामी होली पर्व के मद्देनजर स्वदेशी उत्पादों और प्राकृतिक रंगों के उपयोग का आह्वान करते हुए विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार पर बल दिया। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों को संरक्षित करने, मिश्रित खेती अपनाने तथा केरल में प्रचलित बहुस्तरीय खेती (नीचे मछली पालन, बीच में केला एवं ऊपर अन्य फसलें) जैसे नवाचारों की सराहना की और किसानों से उत्पादन बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयोग अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केरल में लगभग 570 प्रकार की फसलों की खेती की जा रही है, जो कृषि विविधता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

प्रधानमंत्री ने डिजिटल सुरक्षा पर भी जोर देते हुए नागरिकों को समय-समय पर केवाईसी अपडेट कराने, एटीएम पिन बदलते रहने तथा नेट बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें, तभी हम सुरक्षित डिजिटल भारत का निर्माण कर पाएंगे।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नागरिकों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे अपने परिवार के साथ जुड़कर मन की बात सुनने की आदत बनाएं।

इस दौरान मास्टर योगेन्द्र (सदस्य, जिला कार्यकारिणी भाजपा कैथल), चेयरमैन प्रतिनिधि ब्लॉक समिति पुंडरी कैथल कुलदीप सिंह, सदस्य ब्लॉक समिति पुंडरी दीपक कुमार, महामंत्री मंडल पुंडरी हसन ढुल, सतपाल सरपंच, कृष्ण पंच, जितेन्द्र ठाकुर (एमसी पुंडरी), राजेंद्र आढ़ती एवं शिव गोलन सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।