विशेषज्ञों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्यः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान
‘राम-राम हरियाणा’ ऑनलाइन कार्यक्रम में दंत रोग विशेषज्ञ ने बताए दांतों की देखभाल के उपाय
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में आयोजित ‘राम-राम हरियाणा’ ऑनलाइन कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में दंत रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने ऑनलाइन जुड़कर मौखिक स्वच्छता और दांतों की देखभाल के उपाय बताए।
निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमजन से जोड़कर उनकी उपयोगी जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि दांतों को स्वस्थ रखने के लिए सुबह और रात सोने से पहले दिन में दो बार ब्रश करना जरूरी है। ब्रश से दांतों के सभी हिस्सों और जीभ की सफाई करनी चाहिए। फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट कैविटी से बचाव में सहायक है। उन्होंने मीठे खाद्य पदार्थों और शुगर युक्त पेय पदार्थों का सेवन सीमित रखने, भोजन के बाद कुल्ला करने तथा नियमित दंत जांच कराने की सलाह दी। मसूड़ों से खून आने, दर्द या सूजन होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने पर भी जोर दिया।
इस दौरान प्रीतम यादव, सुशील मेहता, गुरविंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini

