प्रदूषण ने दिल की सेहत पर बढ़ाया खतरा, आधुनिक तकनीक बनी नई उम्मीद
हरियाणा में 64 वर्षीय मरीज को लगाया गया ड्यूल चैंबर लीडलेस पेसमेकर
रोहतक, गिरीश सैनी। दिवाली के बाद बढ़ा वायु प्रदूषण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के हृदय स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन गया है। हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषित कण (पीएम 2.5) फेफड़ों के साथ हृदय और रक्त वाहिकाओं को भी प्रभावित करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से उच्च रक्तचाप, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और धड़कनों में अनियमितता का खतरा बढ़ सकता है।
इस चुनौती के बीच रोहतक के हॉली हार्ट हॉस्पिटल में हरियाणा का पहला ड्यूल चैंबर लीडलेस पेसमेकर प्रत्यारोपण किया गया। 64 वर्षीय मरीज में की गई इस प्रक्रिया में पारंपरिक पेसमेकर की तरह तार डालने और छाती में उपकरण रखने के लिए पॉकेट बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। यह तकनीक हृदय के दोनों कक्षों के बीच तालमेल बनाए रखने में मदद करती है।
हॉस्पिटल की निदेशिका डॉ. मयंका बत्रा ने इसे स्वर्गीय डॉ. आदित्य बत्रा की दूरदर्शी सोच और चिकित्सा परंपरा को आगे बढ़ाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ विशेषज्ञता और समय पर उपचार भी जरूरी है।
विशेषज्ञों ने प्रदूषण के दौरान बाहरी गतिविधियां सीमित रखने, संतुलित खानपान अपनाने और रक्तचाप, शुगर व कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने की सलाह दी।

Girish Saini

