दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताने पर भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी ने खड़गे को घेरा, माफी की मांग
खरक बोले, कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति उजागर, हिंदू आस्था से खिलवाड़ बंद करें
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान पर निशाना साधते हुए इसे तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया। उन्होंने खड़गे से बयान पर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।
खरक ने कहा कि दीपावली प्रभु श्रीराम के आदर्शों, सत्य और धर्म की विजय तथा सनातन संस्कृति से जुड़ा विशिष्ट पर्व है। इसकी पहचान को किसी दूसरे धर्म के त्योहार के संदर्भ में परिभाषित करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और उनके त्योहारों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर दीपावली की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विशिष्टता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बार-बार हिंदू आस्था और सनातन परंपराओं को लेकर विवादित बयान क्यों देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से कांग्रेस नेतृत्व की मानसिकता और उसकी वोट बैंक की राजनीति पर सवाल खड़े होते हैं। धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक लाभ का जरिया बनाना स्वीकार्य नहीं है। खड़गे को अपने बयान पर देश से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

Girish Saini

