ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से बढ़ेगा विद्यार्थियों का ज्ञान-कौशल, बीएमयू में जागरूकता कार्यशाला
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के मानविकी संकाय में आईक्यूएसी के अंतर्गत मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम, स्वयं एवं एनपीटीईएल पाठ्यक्रमों में नामांकन और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कुलपति डॉ. बी.एम. यादव एवं कुलसचिव विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मानविकी संकाय के संयोजक डॉ. प्रदीप शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ अतिरिक्त ज्ञान, कौशल और विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन पाठ्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
संकायाध्यक्ष डॉ. ब्रह्म प्रकाश ने बदलते शैक्षणिक परिवेश में ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. नवीन कपिल ने एनपीटीईएल के पाठ्यक्रमों, चयन, नामांकन, अध्ययन सामग्री और परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी। नोडल अधिकारी डॉ. संगीता मलिक ने स्वयं के पाठ्यक्रमों, नामांकन एवं परीक्षा संबंधी प्रक्रिया समझाई।
कार्यशाला का संयोजन डॉ. बबीता देवी ने किया। डॉ. मंजीत कुमार ने आभार जताया। इस दौरान शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

