पराली-कचरा जलाया तो होगी सख्त कार्रवाईः डीसी सतबीर सिंह

13 येलो जोन गांवों में निगरानी बढ़ेगी, देर शाम-तड़के गश्त के निर्देश

पराली-कचरा जलाया तो होगी सख्त कार्रवाईः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। पराली और कचरा जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण पर जिला प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का फैसला किया है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में आगजनी की घटनाओं को शून्य करने के लिए सख्त निगरानी, जन-जागरूकता और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एमडीयू के राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में आयोजित भुवन एप एवं सीआरएम एप स्टाफ ट्रेनिंग कैंप में उपायुक्त ने कहा कि धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधों की सख्ती से पालना कराई जाए। एसडीएम, पुलिस और फील्ड टीमें लगातार निरीक्षण करें तथा विशेषकर देर शाम और तड़के सुबह गश्त बढ़ाएं। जिले के 13 चिन्हित येलो जोन गांवों में विशेष निगरानी रखने के साथ ग्राम स्तर पर सरपंच, नंबरदार और चौकीदारों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

उन्होंने किसानों से पराली जलाने के बजाय कस्टम हायरिंग सेंटर, सुपर सीडर सहित फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक साधन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पराली जलाने पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ भूमि में रेड एंट्री दर्ज होने का प्रावधान है, जिससे सरकारी पोर्टल पर फसल बिक्री प्रभावित हो सकती है।

उपायुक्त ने गांवों में घर-घर जागरूकता अभियान और किसानों की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार सांपला, एसडीएम अंकिता पुवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार तथा कृषि उपनिदेशक सुरेंद्र मलिक मौजूद रहे।