योजनाओं के क्रियान्वयन में जनहित को सर्वोपरि रखें अधिकारीः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

वीबी-जी राम जी के अनुमत कार्यों पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

योजनाओं के क्रियान्वयन में जनहित को सर्वोपरि रखें अधिकारीः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन औपचारिकता के बजाय कर्मयोगी की भावना से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। सरकारी योजनाओं की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब उनके क्रियान्वयन में जनहित को सर्वोपरि रखा जाएगा। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे वीबी-जी राम जी के अंतर्गत अनुमत कार्यों पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. चौहान ने कहा कि योजना के दिशा-निर्देशों, कार्यों की पात्रता, चयन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की स्पष्ट जानकारी प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी है। ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता बनाए रखने के साथ पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

सहायक आचार्य कमलदीप सांगवान ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। दो दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को योजना के अनुमत कार्यों, चयन प्रक्रिया तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान शाकिर हुसैन, नरेंद्र सिंह, कविता, मोहित सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।