आईएचएम में एनएसएस स्वयंसेवक छात्राओं को मिला कौशल और करियर का पाठ

आईएचएम में एनएसएस स्वयंसेवक छात्राओं को मिला कौशल और करियर का पाठ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमकेजेके महाविद्यालय, रोहतक की 60 एनएसएस स्वयंसेवक छात्राओं ने वीरवार को तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन क्षेत्र में शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

शेफ राजाराम ने किचन हाइजीन एवं खाद्य सुरक्षा विषय पर व्याख्यान देते हुए रसोई की स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव, उपकरणों की सफाई और भोजन तैयार करते समय जरूरी सुरक्षा मानकों की जानकारी दी।

आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल और सौरव सपरा ने छात्राओं को हॉस्पिटैलिटी एवं किचन इंडस्ट्री में करियर के अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा के साथ रोजगार, उद्यमिता और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रश्मि लोहचब ने आईएचएम प्राचार्य शंभू नाथ गौतम व स्टाफ सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे व्यावहारिक सत्र छात्राओं के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने में सहायक हैं। भ्रमण के दौरान डॉ. सविता मलिक और डॉ. मोना भी छात्राओं के साथ रही।