भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल: पवन राणा को हरियाणा-दिल्ली की कमान
24 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, कई राज्यों में बदले संगठन महामंत्री; नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू।
रोहतक/नई दिल्ली, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 24 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश संयुक्त महामंत्री और संगठक शामिल हैं। पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से जारी नियुक्ति सूची में राणा का केंद्र दिल्ली निर्धारित किया गया है।
पवन राणा इससे पहले दिल्ली प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई नियुक्ति के साथ उन्हें हरियाणा की भी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, हरियाणा के मौजूदा संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड का दायित्व दिया गया है। पवन राणा का हरियाणा के साथ दिल्ली का संगठन भी संभालना पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में सामने आया है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी के साथ राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। उनका केंद्र मुंबई रहेगा। सौदान सिंह बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) होंगे, केंद्र भुवनेश्वर रहेगा।
वी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा एवं संसदीय कार्यालय का संगठक और नागेंद्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क का संगठक बनाया गया है। दोनों का केंद्र दिल्ली होगा।
राज्यों में भी बड़ा बदलाव
अजय जामवाल महाराष्ट्र के प्रदेश महामंत्री (संगठन) होंगे। सतीश धोंड को महाराष्ट्र में प्रदेश संयुक्त महामंत्री (संगठन) के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है।
मधुकर को आंध्र प्रदेश व तेलंगाना, दशरथ को तेलंगाना का प्रदेश संगठन दायित्व मिला है। रविंद्र राजू असम-त्रिपुरा तथा कार्यालय निर्माण, भीखुभाई दलसानिया बिहार और पवन साई झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) होंगे।
सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर को गुजरात तथा दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, अरुण बिन्नाडी को गुजरात का प्रदेश संयुक्त महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। फणींद्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा कर्मवीर को छत्तीसगढ़, चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश, मानस मोहंती को ओडिशा, मंत्री श्रीनिवासुलु को पंजाब-चंडीगढ़, धर्मपाल को उत्तर प्रदेश और अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।
अभय गिरि ब्रज क्षेत्र के संगठक होंगे, जबकि अनंत नारायण मिश्रा को बिहार के भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र का संगठक बनाया गया है। दोनों के केंद्र क्रमशः आगरा और पूर्णिया होंगे। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

Girish Saini 

