संयुक्त राष्ट्र दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निकिता व प्रभलीन की टीम प्रथम

संयुक्त राष्ट्र दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में निकिता व प्रभलीन की टीम प्रथम

हिसार, गिरीश सैनी। संयुक्त राष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को राजकीय महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संयुक्त राष्ट्र संघ, इसके अंग तथा विशिष्ट अभिकरणों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बतौर मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. दीपमाला लोहान ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप-प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों के लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. शीला देवी ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता संचालन डॉ. आत्मा राम ने किया। दो चरणों में संपन्न प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लगभग15 टीमों ने भाग लिया। सबसे ज्यादा अंक प्राप्त करने वाली 5 टीमों को दूसरे चरण में रखा गया। निकिता की टीम ई तथा प्रभलीन की टीम एफ ने प्रथम, पंकज की टीम एच ने दूसरा तथा कोमल की टीम ए ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्राचार्य डॉ. दीपमाला ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्व शांति में संयुक्त राष्ट्र संघ जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संयुक्त राष्ट्र ने मानव विकास, विश्व शांति, निरस्त्रीकरण, पर्यावरण, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर सफलतापूर्वक अपनी भूमिका निभाई है। इस मौके पर डॉ. कर्ण सिंह गिल, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. गुरमीत, डॉ. बी डी सिंह सहित अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।