लैंड पूलिंग नीति को जनता के दबाव में मान सरकार को लेना पड़ा वापस – रजनीश धीमान

लैंड पूलिंग पॉलिसी की वापसी, पंजाब के किसानों और जनता की बड़ी जीत – भाजपा

लैंड पूलिंग नीति को जनता के दबाव में मान सरकार को लेना पड़ा वापस – रजनीश धीमान

लुधियाना, 11 अगस्त, 2025: पंजाब में लंबे समय से विवादों में रही लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी और राज्य के किसान लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। जनदबाव और किसानों की एकजुटता के आगे झुकते हुए आज पंजाब सरकार ने लैंड पूलिंग पॉलिसी को वापस लेने का ऐलान किया।

जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान ने मीडिया से बातचीत में कहा, "यह फैसला पंजाब के अन्नदाताओं और जनता की जीत है। भाजपा शुरू से ही किसानों की हितैषी रही है और इस मुद्दे पर हमने पंजाब के हर जिले और हर मंच पर किसानों के साथ खड़े होकर डटकर विरोध किया।"

धीमान ने कहा कि लैंड पूलिंग पॉलिसी से पंजाब को सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय रूप से गंभीर नुकसान होता। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस योजना के जरिए पंजाब के किसानों की ज़मीन हड़पने की साज़िश रची थी, लेकिन पंजाब की जनता ने यह साबित कर दिया कि अपनी धरती और अधिकारों की रक्षा के लिए वे किसी भी हद तक संघर्ष कर सकते हैं।

उन्होंने तीखा सवाल उठाया – "जो लोग इस काले कानून का समर्थन करते हुए छाती पीट-पीटकर इसे किसानों के हित में बता रहे थे, अब वे कहां हैं?"

धीमान ने आगे कहा कि जनता की ताकत के आगे भ्रष्ट और विफल आम आदमी पार्टी सरकार का अहंकार चकनाचूर हो गया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत के लिए पंजाब के सभी किसान भाइयों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया।