हरियाणा की देविका बनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियन, एचबीए देगी पांच लाख का नकद ईनाम
लगातार तीसरे साल वूमेन सिंगल का राष्ट्रीय खिताब हरियाणा के नाम।
 
                        रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के बैडमिंटन खिलाड़ियों की उपलब्धियों की लगातार बढ़ती फेहरिस्त में एक और नाम जुड़ गया है। हरियाणा की देविका सिहाग ने कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित योनेक्स सनराइज 86वीं सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में वूमेन सिंगल्स का खिताब जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रधान रिटायर्ड आईएएस देवेंद्र सिंह एवं बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष व हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अजय सिंघानिया ने इस ऐतिहासिक जीत पर अपार हर्ष जाहिर करते हुए विजेता खिलाड़ी को हार्दिक बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की।
रिटायर्ड आईएएस देवेंद्र सिंह ने बताया कि विजेता खिलाड़ी को एचबीए की तरफ से पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एचबीए प्रदेश के बैडमिंटन खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संकल्पबद्ध है।
अजय सिंघानिया ने बताया कि हरियाणा ने लगातार तीसरी बार वूमेन सिंगल का राष्ट्रीय खिताब जीतकर एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा की खिलाड़ी अनुपमा ने वर्ष 2022 में तथा अनमोल ने वर्ष 2023 में वूमेन सिंगल का राष्ट्रीय खिताब जीता था। वहीं इस वर्ष देविका ने इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप को जीतकर प्रदेश का मान सम्मान बढ़ाया है। सिंघानिया ने बताया कि रोमांचक मुकाबले में देविका सुहाग ने श्रेयांशी वली शेट्टी को 21-15, 21-16 से हराकर यह ऐतिहासिक जीत हासिल की है।
 
                             
                 Girish Saini
                                    Girish Saini                                 
 
         
         
        

 
                                    
                                 
 
 
 
