बीएस-4 छोड़िए, बीएस-6 अपनाइए: परिवर्तन योजना को लेकर आरटीए का जागरूकता अभियान
रोहतक, गिरीश सैनी। सरकार की परिवर्तन योजना के तहत क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में वाहन मालिकों को योजना की पात्रता, प्रावधानों और उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी दी गई।
परिवहन उप-निरीक्षक संदीप गुलिया ने वाहन धारकों, कंपनी प्रबंधन और स्टाफ को योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पुराने बीएस-4 वाहनों को नए बीएस-6 वाहनों से बदलने तथा सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहनों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पात्र वाहन मालिकों को परिवर्तन आईडी बनवाने और योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। योजना से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। आरटीए ने वाहन मालिकों से पात्रता के अनुसार योजना का लाभ उठाने की अपील की।

Girish Saini

