आंगन मिलन में बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग ने हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-3 में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित विकास के प्रति जागरूक किया।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी (रोहतक शहरी) शालिनी ने अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के बारे में जानकारी दी। महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पौष्टिक लो-कॉस्ट रेसिपी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें कम लागत में स्वास्थ्यवर्धक भोजन तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सर्किल सुपरवाइजर प्रतिमा ने उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को उपलब्ध पोषण, स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

Girish Saini

