सीएम नायब सिंह सैनी 15 जनवरी को करेंगे स्वतंत्रता सेनानी पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा का अनावरण
 
                        रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 जनवरी 2025 को स्थानीय बस स्टैंड के निकट पं. श्रीराम शर्मा पार्क में स्वतंत्रता सेनानी पं. श्रीराम शर्मा की सात फीट ऊंची व 4 टन वजनी आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगडा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
स्थानीय गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में आयोजित पत्रकार वार्ता में ये जानकारी पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच के अध्यक्ष डॉ. अशोक दीक्षित व गौड़ शिक्षण संस्था के पदेन सचिव डॉ. जयपाल शर्मा ने दी। डॉ. अशोक दीक्षित ने बताया कि पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच द्वारा लगातार संघर्ष करते हुए झज्जर में मिनी सेक्रेटेरिएट के सामने पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा की स्थापना, उनके नाम से बहादुरगढ़ में मेट्रो स्टेशन का नामकरण, उनके नाम से डाक टिकट जारी करवाया गया। इसी कड़ी में रोहतक की पुरानी जेल स्थित पं. श्रीराम शर्मा पार्क के बाहर उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
 
                             
                 Girish Saini
                                    Girish Saini                                 
 
         
         
        

 
                                    
                                 
 
 
 
