भाजपा ने हरियाणा में 50 लाख नए सदस्य बनाने की रणनीति को दिया अंतिम रूप

कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर 250 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया।

भाजपा ने हरियाणा में 50 लाख नए सदस्य बनाने की रणनीति को दिया अंतिम रूप

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में 50 लाख नए सदस्य बनाने के लिए शनिवार को अपनी रणनीति को रोहतक में अंतिम रूप दिया। इसके तहत पार्टी कार्यालय ‘‘मंगल कमल’’ में प्रदेश भर के पदाधिकारियों के लिए आयोजित एक कार्यशाला में सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाए जाने की रणनीति तय की गई। कार्यशाला में हर बूथ पर 250 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दिया गया। प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बडौली की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय सचिव ओ.पी. धनखड़, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा व कैबिनेट मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने संगठन के गठन की प्रक्रिया व सक्रिय कार्यकर्ता बनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संगठन के चुनाव और नियुक्तियों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करना है।

प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कार्यशाला में भाजपा की विचारधारा के बारे में बताते हुए कहा कि भाजपा के संगठन में विचारधारा का बड़ा महत्व है। कार्यकर्ताओं के बल, पार्टी के संविधान और परम्परा पर भाजपा का संगठन चलता है।

पार्टी प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने सदस्यता अभियान को लेकर हुई कार्यशाला के बारे में मीडिया को विस्तार से जानकारी दी और सवालों के जवाब भी दिए। बड़ौली ने कहा कि हम हरियाणा में अभेद्य और अजय संगठन खड़ा करेंगे ताकि लगातार हरियाणा में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि हम 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। सदस्यता अभियान के बारे में बड़ौली ने कहा कि अभियान पूरे एक महीने चलेगा। वेदपाल एडवोकेट को सदस्यता सदस्यता अभियान का संयोजक बनाया गया है, इसके अलावा पांच सदस्य भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को लगभग 60 लाख वोट मिले हैं। इसी के आधार पर हमने 50 लाख नए सदस्य बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। 16 नवंबर से सक्रिय सदस्य बनाने का काम शुरू होगा। पार्टी के संविधान के हिसाब से जो कार्यकर्ता 50 सदस्य बनाता है, उसे ही पार्टी में जिम्मेदारी दी जाती है।

बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने सरकार बनते ही दो दिनों में तीन वादे पूरे किए हैं। 17 अक्टूबर को शपथ ग्रहण समारोह हुआ और पहले ही दिन 24 हजार युवाओं को नौकरी दी। 18 अक्टूबर को मंत्रिमंडल की बैठक में एससी समाज को लेकर आए सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का लागू किया। 18 अक्टूबर को ही क्रोनिक किडनी रोगियों के लिए डायलिसिस सेवाओं को निशुल्क देने की सुविधाएं दी। एक सवाल के जवाब में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी आज की कार्यशाला में आना था, लेकिन दिल्ली में अहम बैठकों के कारण सीएम सैनी कार्यशाला में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार मिशन मो में काम कर रही है और प्रदेश में सीवर, सड़कें, रेल, मेट्रो के विस्तार और नेशनल हाइवे को लेकर तेजी से काम चल रहा है। भाजपा सरकार संकल्प पत्र के हर वादे को संकल्प के साथ पूरा करेगी।

सदस्यता अभियान के संयोजक वेदपाल एडवोकेट ने कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि पार्टी ने 50 लाख नए सदस्य बनाने का जो लक्ष्य रखा है उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 और 29 अक्टूबर को जिला स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन होगा। 5 और 6 नवम्बर को मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी और इसके साथ ही सदस्य अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

कार्यशाला में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, कृष्ण लाल पंवार, श्याम सिंह राणा, महिपाल ढांडा, आरती राव, कृष्ण बेदी, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, किरण चौधरी व रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा.अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक वेदपाल एडवाकेट, सह संयोजक संदीप जोशी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित सभी विधायक, विधानसभा उम्मीदवार और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।