पशु कल्याण दिवस पर बीएमयू में गूंजा संरक्षण का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में पशु चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा पशु कल्याण दिवस मनाया गया। कुलपति डॉ. बी.एम. यादव और कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पशुओं के प्रति संवेदनशीलता, स्वास्थ्य और संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस वर्ष की थीम संपूर्ण विश्व को पशुओं की आँखों से देखना रही। वक्ताओं ने कहा कि पशु मानव जीवन और कृषि व्यवस्था का अहम हिस्सा होने के साथ पर्यावरण संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके प्रति मानवीय व्यवहार और उचित देखभाल समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज कुमार ने विद्यार्थियों से पशु कल्याण को सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्राचार्य डॉ. आर.एन. लठवाल ने पशु स्वास्थ्य, सेवा और पर्यावरण के बीच संबंध पर प्रकाश डाला।
डॉ. विजेंद्र कुमार ने वैश्विक पशु कल्याण चुनौतियाँ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने संरक्षण, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन परिस्थितियों की जरूरत बताई। कार्यक्रम में संकाय सदस्य और वीएलडीडी व कृषि संकाय के विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

