एमडीयू इंटर कॉलेज क्रॉस-कंट्रीः पुरुष वर्ग में सीआरए और महिला वर्ग में टीआरजीसी ने जीता खिताब

एमडीयू इंटर कॉलेज क्रॉस-कंट्रीः पुरुष वर्ग में सीआरए और महिला वर्ग में टीआरजीसी ने जीता खिताब

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को आयोजित इंटर कॉलेज क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सीआरए कॉलेज सोनीपत और महिला वर्ग में टीका राम गर्ल्स पीजी कॉलेज, सोनीपत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की।

पुरुष वर्ग में सीआरए सोनीपत ने 11 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। एआईजेएचएम कॉलेज, रोहतक 28 अंक के साथ दूसरे और जीसी भिवानी 62 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में टीआरजीसी सोनीपत 19 अंक लेकर विजेता बना। एमकेजेके रोहतक ने 52 अंक के साथ दूसरा और जीवीएम सोनीपत ने 75 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में एमडीयू के कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। विवि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराकर खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है।

खेल निदेशक कुलताज सिंह ने कहा कि क्रॉस-कंट्री जैसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों की फिटनेस, सहनशक्ति और प्रतिस्पर्धी क्षमता को मजबूत करती हैं। इस दौरान सहायक निदेशक खेल डॉ. तेजपाल व डॉ. विपिन कुमार, जिला खेल अधिकारी अनूप कुमार, समेत प्रशिक्षक, टीम प्रभारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।