खेल महाकुंभ - 13 खेलों के ट्रायल 8 से 14 अक्टूबर तकः डीसी
एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती समेत विभिन्न खेलों में होगा चयन
रोहतक, गिरीश सैनी। खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत रोहतक जिले की वरिष्ठ वर्ग (पुरुष एवं महिला) टीमों के चयन के लिए 13 खेलों के जिला स्तरीय ट्रायल 8 से 14 अक्टूबर तक होंगे। उपायुक्त सतबीर सिंह ने खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर ट्रायल में पहुंचने का आह्वान किया है।
जिला खेल विभाग के अनुसार एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, तैराकी, कुश्ती, हैंडबॉल और ताइक्वांडो के ट्रायल होंगे। एथलेटिक्स के ट्रायल 8 अक्टूबर को लड़कियों और 9 अक्टूबर को लड़कों के लिए राजीव गांधी खेल परिसर, सेक्टर-6 में होंगे। बैडमिंटन व तैराकी के ट्रायल 8 अक्टूबर को, जबकि कुश्ती के फ्रीस्टाइल ट्रायल भी 8 अक्टूबर को होंगे।
फुटबॉल के ट्रायल 10 व 11 अक्टूबर, हॉकी के 12 व 13 अक्टूबर तथा कबड्डी के 12 व 13 अक्टूबर को होंगे। बॉक्सिंग के ट्रायल 13-14 अक्टूबर को निर्धारित हैं। खिलाड़ियों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र तथा लागू होने पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। उपायुक्त ने कहा कि खेल महाकुंभ जिले की प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच देगा।

Girish Saini

