सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

15 अक्टूबर तक गांव-शहर में लगेंगे शिविर, पात्र नागरिकों का मौके पर होगा पंजीकरण

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से खंड और नगर निगम स्तर पर सेवा सेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभ दिया जा रहा है। शिविर 15 अक्टूबर तक निर्धारित स्थानों पर आयोजित होंगे। महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सोमवार को रोहतक खंड के लाभार्थियों के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में शिविर लगाया गया। यहां नागरिकों का पात्रता के अनुसार योजनाओं व सेवाओं के लिए पंजीकरण किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने बताया कि 22 सितंबर को किलोई, 23 सितंबर को समर गोपालपुर कलां में शिविर होगा। नगर निगम क्षेत्र में 24 से 26 सितंबर तक मदनलाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में शिविर लगेंगे।

इसके बाद लाखनमाजरा में 28-30 सितंबर, कलानौर में 1-5 अक्टूबर, सांपला में 6-9 अक्टूबर और महम में 12-15 अक्टूबर तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि व स्थान पर पहुंचकर पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाएं।