बल्क वेस्ट जनरेटर्स के कूड़ा निस्तारण के साथ-साथ, गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम का कड़ा रूख
रोहतक, गिरीश सैनी। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उदेश्य से रोहतक नगर निगम द्वारा लगातार विभिन्न आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। निगमायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशों की अनुपालना में निगम की टीम ने गोहाना अड्डा के पास मार्केट क्षेत्र में विशेष अभियान चला कर सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त किया। टीम ने प्लास्टिक कचरा फैलाने एवं गंदगी करने वालों के चालान भी किए। साथ ही, दुकानदारों को सार्वजनिक स्थानों पर सामान न रखने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
निगमायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नगर निगम की टीम द्वारा 11 चालान 5400 रुपये के किए गए, जिसमें 4 चालान 1400 रुपये के गंदगी फैलाने वालों के व 7 चालान 4000 रूपये का सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वाले का किया गया। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ये अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने 10 बल्क वेस्ट जनरेटर्स के साथ एक बैठक की, जिसमें स्पष्ट किया गया कि सभी बल्क वेस्ट जनरेटर्स 27 अप्रैल 2026 तक नगर निगम के साथ विधिवत एग्रीमेंट करें अथवा यदि उन्होंने अपने स्तर पर कचरा निस्तारण हेतु प्लांट स्थापित किया हुआ है, तो उसकी विस्तृत जानकारी निगम कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने बताया कि नियमों की अवहेलना करने पर 50000 रुपये का जुर्माना किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित दोषी स्वयं जिम्मेदार होंगें। बैठक में उपस्थित सभी बल्क वेस्ट जनरेटर्स ने विधिवत एग्रीमेंट करने के लिए अपनी सहमति जाहिर की है।
संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी ने बताया कि नगर निगम द्वारा बल्क वेस्ट जनरेटर्स को चिन्हित किया जा चुका है तथा प्रतिदिन अलग-अलग बल्क वेस्ट जनरेटर्स को नोटिस जारी कर, उन द्वारा उत्पन्न कूड़े का निस्तारण करने या जो कचरे का निस्तारण करने में सक्षम नहीं है, तो वह नगर निगम से विधिवत एग्रीमेंट (अनुबंध) कर, कूड़े के नियमानुसार निस्तारण की सुविधा प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि अभी तक नगर निगम के साथ पीजीआईएमएस, प्रजापति धर्मशाला, पंजाबी धर्मशाला, श्री राम पैलेस द्वारा विधिवत एग्रीमेंट किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बल्क वेस्ट जनरेटर्स द्वारा अनुबंध के लिए समय मांगा गया है, निश्चित समयावधि पूरी होने के बाद निगम की टीमों द्वारा निरीक्षण कर उनके विरूद्व नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।

Girish Saini 

