एमडीयू में देश के रंग, एक संग के साथ राष्ट्रीय एकता शिविर संपन्न

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी विविधता, विजेताओं को किया सम्मानित

एमडीयू में देश के रंग, एक संग के साथ राष्ट्रीय एकता शिविर संपन्न

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में आयोजित एनएसएस राष्ट्रीय एकता शिविर का मंगलवार को सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ समापन हुआ। देश के रंग, एक संग कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविधता को प्रदर्शित किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने शिविर के अनुभव साझा किए और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

समापन दिवस की शुरुआत स्वर्गीय डॉ. मंगल सेन की जयंती पर मातूराम यज्ञशाला में हवन के साथ हुई। इसके बाद आरके सभागार में रंगोली निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने स्वागत संबोधन दिया। शिविर के दल प्रभारी ने आयोजन की रिपोर्ट प्रस्तुत कर प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान शिविर के अनुभवों पर आधारित लघु वीडियो और रील भी प्रदर्शित की गईं।

समारोह में मुख्य अतिथि एवं पूर्व एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. तिलक राज, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल तथा डीन, अकादमिक अफेयर्स वरिष्ठ प्रो. रणदीप राणा ने संबोधित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। उप-एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजू पंवार ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।