मानवाधिकार आयोग ने सुनारिया जेल का किया निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुनीं

अध्यक्ष न्यायमूर्ति बत्तरा ने महिला बंदियों के लिए हर 15 दिन में स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा के निर्देश दिए

मानवाधिकार आयोग ने सुनारिया जेल का किया निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुनीं

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा और सदस्य दीप भाटिया ने सुनारिया स्थित जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों के मानवाधिकारों, स्वास्थ्य सुविधाओं और पुनर्वास व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

आयोग ने महिला बंदियों के लिए प्रत्येक 15 दिन में स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा उपलब्ध करवाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा। टीम ने डिस्पेंसरी में दवाओं और वार्डों में उपचाराधीन बंदियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को बंदियों के लिए पैनल अधिवक्ताओं की सेवाएं शीघ्र उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।

न्यायमूर्ति बत्तरा और भाटिया ने बंदियों को कौशल विकास प्रशिक्षण, सिलाई और तकनीकी कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि वे रिहाई के बाद स्वरोजगार अपना सकें और परिवार की आर्थिक मदद कर सकें। उन्होंने जेल में लंगर के भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की सराहना की। जेल रेडियो पर प्रतिदिन पांच सकारात्मक समाचार प्रसारित करने का सुझाव भी दिया। निरीक्षण के दौरान आयोग के अधिकारियों ने पौधारोपण किया तथा बंदियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की।