एमडीयू कर्मचारी संघ चुनाव आज, सुबह 8 से 4 बजे तक मतदान
मतदान के बाद होगी मतगणना, बूथ पर मोबाइल फोन प्रतिबंधित
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू, रोहतक के गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव-2026 के लिए 28 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए चुनाव समिति ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्वाचन अधिकारी प्रो. राहुल ऋषि ने चुनाव तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें चुनाव प्रभारी सहायक कुलसचिव एसपी राठी तथा समिति सदस्य खैराती लाल और सुनील दहिया सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्र में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। मतदाताओं को विवि का वैध पहचान पत्र, एमडीयू ऐप की डिजिटल आईडी या स्थापना शाखा द्वारा जारी फोटोयुक्त अस्थायी पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। डिजिटल आईडी के लिए मोबाइल फोन ड्यूटी अधिकारी के पास जमा कराना होगा।
मतदान केंद्र पर प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह प्रदर्शित करने की अनुमति नहीं होगी। मतदान और मतगणना के दौरान उम्मीदवार या उनका एक अधिकृत एजेंट ही उपस्थित रह सकेगा। मतगणना के समय मोबाइल फोन बंद करवाकर रिटर्निंग ऑफिसर के पास जमा कराए जाएंगे। विवि की दीवारों पर चिपकने वाली प्रचार सामग्री लगाने पर भी रोक रहेगी।

Girish Saini

