डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों सहित सभी शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा करने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों सहित सभी शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं उचित निपटारा सुनिश्चित करें। शिकायत का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से अनिवार्य रूप से संवाद करें तथा उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें।

डीसी सचिन गुप्ता ने हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ द्वारा समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की वर्चुअली समीक्षा के उपरांत स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए समयबद्ध एवं उचित निपटारा करें ताकि नागरिकों को समस्याओं से निजात मिले। समाधान समीक्षा में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों के अलावा जनसंवाद, सीएम विंडो व अन्य शिकायत पोर्टलों का नियमित रूप से अवलोकन करें तथा निर्धारित अवधि में शिकायतों का उचित निपटारा करवाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा समय-समय पर इन शिकायत पोर्टलों की शिकायतों की समीक्षा की जा रही है तथा सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिये गए है कि शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित अवधि में उचित निपटारा करवाया जाये।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए समाधान शिविर में सभी आवश्यक प्रबंध किए गए है। पढ़ने-लिखने में असमर्थ नागरिकों की मदद के लिए समाधान शिविर में कर्मचारी तैनात किया गया है। परिवार पहचान पत्र तथा प्रॉपर्टी आईडी को दुरुस्त करने के लिए मौके पर ही संबंधित विभागों के ऑपरेटर तैनात किए गए है। इस दौरान परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, तहसीलदार यशपाल शर्मा एवं दिनेश कुमार, डीईईओ दिलजीत सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।