डीसी डॉ. विवेक भारती ने राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

डीसी डॉ. विवेक भारती ने राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

फ़तेहाबाद (गिरीश सैनी)। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि आमजन को राजस्व संबंधी सेवाएं पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक रजिस्ट्री की डिलीवरी 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक इंतजार का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिजेक्ट की गई सभी रजिस्ट्रियों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करें तथा प्रत्येक मामले के तथ्यों की गहन जांच करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी रजिस्ट्री को केवल वैध, उचित एवं नियमानुसार कारणों के आधार पर ही अस्वीकार किया गया हो। यदि किसी मामले में अनावश्यक या तकनीकी कारणों से रजिस्ट्री निरस्त की गई है तो उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं दक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।