सीएम उमर अब्दुल्ला ने बढ़ाया एमडीयू क्रिकेट टीम का हौसला, दी शुभकामनाएं

22वें ऑल इंडिया वाइस चांसलर टी-20 क्रिकेट कप में हिस्सा लेने जम्मू पहुंची एमडीयू एम्प्लाइज टीम

सीएम उमर अब्दुल्ला ने बढ़ाया एमडीयू क्रिकेट टीम का हौसला, दी शुभकामनाएं

रोहतक, गिरीश सैनी। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 22वें ऑल इंडिया वाइस चांसलर टी-20 क्रिकेट कप में भाग लेने पहुंची एमडीयू की एम्प्लाइज क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए टीम को 'बेस्ट ऑफ लक' कहा।

शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी, जम्मू में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री ने एमडीयू टीम के खिलाड़ियों से बातचीत की। इस दौरान एमडीयू के पीआरओ पंकज नैन ने उन्हें एमडीयू की खेल उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है और विद्यार्थियों के साथ कर्मचारियों को भी खेलों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

टीम के कप्तान नरेंद्र शीलक के नेतृत्व में खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि एमडीयू एम्प्लाइज क्रिकेट टीम वर्ष 2019 में शिवाजी यूनिवर्सिटी, कोल्हापुर और वर्ष 2023 में संत तुकडोजी महाराज नागपुर यूनिवर्सिटी में आयोजित इस प्रतियोगिता की चैंपियन रह चुकी है।