एनसीबी की नशा तस्करों पर दोहरी कार्रवाई, महिला समेत दो काबू
40.78 ग्राम हेरोइन बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) ने रोहतक के रैनकपुरा खोखराकोट में नशा तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 40.78 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई है।
ब्यूरो की सोनीपत यूनिट ने सागर उर्फ जोनी को 33.15 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी गांव की एक गली में नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में था। बरामद हेरोइन की अवैध बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।
वहीं, रोहतक यूनिट ने आरोपी सरोज को 7.63 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया। पुलिस के अनुसार, महिला टीम को देखकर भागने लगी। महिला पुलिसकर्मी ने उसे काबू कर तलाशी ली, जिसमें नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
दोनों मामलों में थाना सिटी रोहतक में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

Girish Saini

